उत्तर प्रदेश के मथुरा स्थित जिलाधिकारी कार्यालय में सोमवार को बेहद भावुक दृश्य देखने को मिला। 112 वर्षीय रम्मूली देवी अपने नाती की बहू के साथ जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह से मिलने पहुंचीं और वृद्धावस्था पेंशन दिलाने की गुहार लगाई।
बुजुर्ग महिला को देखकर डीएम तुरंत खड़े हो गए और उन्हें कुर्सी पर बैठाया। जब डीएम ने आने का कारण पूछा तो रम्मूली देवी ने कातर स्वर में कहा, “कुछ दिन की जिंदगी बची है, हमको वृद्धावस्था पेंशन दिलवा दो लल्ला।”
बताया गया कि रम्मूली देवी इंद्रपुरी इलाके में रहती हैं और अब तक उन्हें वृद्धावस्था पेंशन नहीं मिल पाई है। वह अपने पोते की बहू के सहारे जिलाधिकारी कार्यालय तक पहुंचीं।
मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम चंद्र प्रकाश सिंह ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को निर्देश दिया कि तीन दिन के भीतर उनका पेंशन बनवाया जाए।
दरअसल, हर सोमवार को जिलाधिकारी कार्यालय में जनसुनवाई होती है, जिसमें आम नागरिक अपनी समस्याएं लेकर आते हैं। इसी दौरान रम्मूली देवी भी अपनी फरियाद लेकर पहुंची थीं।

