मेरठ में खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) श्याम मोहन आस्थाना को बिना सूचना के छुट्टी पर जाना भारी पड़ गया। वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के काम में बाधा आने पर एसडीएम उदित नारायण सेंगर ने उनके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर थाने पहुंचाया।
मामला सामने आने पर पुलिस श्याम मोहन आस्थाना को पकड़कर थाने ले आई, जहां उन्हें करीब तीन घंटे तक बैठाए रखा गया। इस दौरान उनका मेडिकल परीक्षण भी कराया गया। बाद में उन्हें रिहा कर दिया गया।
आस्थाना का कहना है कि उनकी और उनकी पत्नी की तबीयत खराब थी, जिस वजह से वे लखनऊ चले गए थे। उन्होंने छुट्टी के लिए आवेदन किया था, लेकिन वह स्वीकृत नहीं हो पाया।
जांच में सामने आया कि श्याम मोहन आस्थाना ने वास्तव में छुट्टी का आवेदन दिया था, लेकिन विभागीय स्तर पर उसे मंजूरी नहीं मिली थी। इसके बावजूद वे बिना स्वीकृति के ड्यूटी छोड़कर चले गए। अधिकारियों ने उन्हें फोन कर वापस बुलाने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया और न ही समय पर वापस लौटे।
इधर, उनकी अनुपस्थिति के कारण मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण का काम प्रभावित हुआ, जिसे प्रशासन ने गंभीरता से लिया और कार्रवाई की।

