सुहागरात पर दर्द, सुबह बनी खुशियों की सौगात — रामपुर में शादी के साथ ही आया नया मेहमान
सुहागरात पर पेट दर्द, सुबह गूंजी किलकारियां
रामपुर में शादी की पहली रात ही दुल्हन बनी मां, गांव में बंटी मिठाइयां
उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले से एक हैरान कर देने वाला लेकिन खुशियों से भरा मामला सामने आया है। यहां शादी के तुरंत बाद नई-नवेली दुल्हन को सुहागरात के दौरान अचानक तेज पेट दर्द हुआ और सुबह होते-होते घर में एक नवजात बच्ची की किलकारियां गूंज उठीं। शादी की पहली ही रात दुल्हन मां बन गई, जिससे पूरा गांव चकित रह गया।
यह मामला अजीमनगर थाना क्षेत्र के कुम्हरिया और बहादुरगंज गांवों से जुड़ा बताया जा रहा है। कुम्हरिया गांव के युवक का रिश्ता करीब छह महीने पहले बहादुरगंज गांव की युवती से तय हुआ था। गांव में पहले से ही दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग की चर्चा थी। शादी में देरी को लेकर युवती लगातार दबाव बना रही थी, जिससे बात पुलिस चौकी तक पहुंच गई।
दो दिन पहले युवती मुरसैना चौकी पहुंची और तुरंत शादी की मांग की। अगले दिन भी वह वहीं पहुंच गई, जिसके बाद पुलिस ने दोनों गांवों के प्रधानों और परिजनों को बुलाकर पंचायत कराई। कुम्हरिया गांव के प्रधान अफरोज अली खां और बहादुरगंज गांव के प्रधान बबलू सहित दोनों पक्षों के परिजनों की मौजूदगी में सहमति बनी और शादी कराने का फैसला लिया गया।
शनिवार रात करीब आठ बजे दोनों परिवारों में समझौता हुआ और एक घंटे के भीतर ही दूल्हा पांच लोगों के साथ बहादुरगंज गांव पहुंचा। वहां से दुल्हन को अपने गांव कुम्हरिया लाया गया। घर में नई बहू का स्वागत हुआ और सभी ने राहत की सांस ली कि विवाद सुलझ गया।
लेकिन रात करीब 12 बजे दुल्हन को अचानक तेज पेट दर्द शुरू हो गया। परिवार घबरा गया और तत्काल एक महिला डॉक्टर को बुलाया गया। पूरी रात इलाज और देखभाल चलती रही। किसी को अंदाजा भी नहीं था कि सुबह होने से पहले घर में एक और बड़ी खुशी दस्तक देने वाली है।
रविवार तड़के दुल्हन ने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया। जैसे ही यह खबर फैली, पूरे गांव में कौतूहल और उत्सुकता फैल गई। घर के बाहर महिलाओं और ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। हर कोई इस अनोखी घटना को अपनी आंखों से देखना चाहता था।
नवजात बच्ची को गोद में लेकर दूल्हा खुशी से झूम उठा। पिता बनने की खुशी में उसने पूरे गांव में मिठाइयां बांटी और जश्न मनाया। गांव में यह अनोखा संयोग चर्चा का विषय बन गया—जहां शादी के साथ ही एक नई जिंदगी ने भी घर में कदम रख दिया।

