• Thu. May 14th, 2026

सिर काटकर बैग में रखा, बोरे में पैक कर प्रेमिका की हत्या

“शक, पैसे और शादी का विवाद बना कत्ल की वजह, ऑफिस से यमुना तक फैला खौफनाक मर्डर”
सिर काटकर बैग में रखा, बोरे में पैक कर प्रेमिका की हत्या
आगरा में HR एग्जीक्यूटिव की बेरहमी से हत्या, आरोपी प्रेमी गिरफ्तार
आगरा। एक ही कंपनी में काम करने वाले प्रेमी ने अपनी गर्लफ्रेंड की ऐसी बेरहमी से हत्या कर दी, जिसने पूरे शहर को दहला दिया। एचआर एग्जीक्यूटिव मिंकी की उसके प्रेमी विनय ने चाकू से आठ वार कर हत्या की और फिर शव को ठिकाने लगाने के लिए फिल्मी अंदाज में सिर अलग कर बोरे में भर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक मिंकी और विनय पिछले दो साल से रिलेशनशिप में थे। मिंकी शादी करना चाहती थी, जबकि विनय उस पर शक करता था। साथ ही पैसों को लेकर भी दोनों के बीच विवाद चल रहा था। यही विवाद आखिरकार हत्या में बदल गया।
ऑफिस में हुआ खूनी खेल
डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि मिंकी पिछले चार साल से कंपनी में एचआर के पद पर कार्यरत थी, जबकि विनय दो साल पहले वहां नौकरी पर आया था। धीरे-धीरे दोनों में नजदीकियां बढ़ीं, लेकिन कुछ समय से शादी और पैसों को लेकर झगड़े बढ़ गए थे।
घटना वाले दिन ऑफिस में दोनों के बीच कहासुनी हुई। इसी दौरान विनय ने पहले से खरीदे चाकू से मिंकी की गर्दन, सिर, पेट और हाथों पर आठ बार वार कर दिए। गर्दन की नस कटने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
फिल्मी अंदाज में शव ठिकाने लगाने की कोशिश
हत्या के बाद विनय ने क्राइम फिल्मों से सीखी तरकीबों पर अमल करते हुए मिंकी का सिर धड़ से अलग किया। सिर और कपड़े पॉलिथीन में रखे और धड़ को बोरे में भरने की कोशिश की। धड़ बड़ा होने पर उसने पैरों को चाकू से आधा काटकर मोड़ दिया और टेप से बांधकर बोरे में भर दिया।
रात करीब 11 बजे वह स्कूटी पर बोरा रखकर यमुना नदी की ओर निकला। भगवान टॉकीज और जवाहर पुल होते हुए वह बोरा नदी में फेंकने पहुंचा, लेकिन वजन ज्यादा होने और लोगों के डर से वह बोरा वहीं छोड़कर भाग गया।
CCTV और मोबाइल से खुलासा
पुलिस ने घटनास्थल से खून के धब्बे, कपड़े, स्कूटी और मोबाइल फोन बरामद किए। सीसीटीवी फुटेज और फॉरेंसिक जांच के आधार पर विनय को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस सिर की बरामदगी के लिए नाले और यमुना क्षेत्र में तलाश कर रही है।
गिरफ्तारी के बाद किया ड्रामा
गिरफ्तारी के बाद विनय पछतावा जताते हुए रोने लगा और खुद को खत्म करने की बात कहने लगा। उसने दावा किया कि गुस्से में सब हो गया, लेकिन पुलिस का कहना है कि जिस तरह से उसने शव को ठिकाने लगाने की कोशिश की, उससे साफ है कि वह बचना चाहता था।
फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और पुलिस यह भी पता लगा रही है कि हत्या के बाद किस दोस्त की मदद से वह घर पहुंचा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *