अमृतसर–पठानकोट मुख्य मार्ग पर गोपालपुरा के पास बुधवार रात एक प्राइवेट बस और मिक्सर डंपर की आमने–सामने की भीषण टक्कर में एक महिला और एक बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों में कई की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिसके चलते मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।

एचएस प्रीमिक्स कंपनी का टिप्पर (PB-02-BV-9092) अपने डंप की ओर मुड़ने के लिए अचानक बिना किसी संकेत के सड़क पर चढ़ गया। इसी दौरान पठानकोट से अमृतसर की ओर तेज रफ्तार से आ रही बीटीसी कंपनी की प्राइवेट बस (PB-02-CC-6780) सीधा टिप्पर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह से चकनाचूर हो गया और अंदर की कई सीटें भी उखड़कर इधर-उधर जा गिरीं।

