ब्रह्माकुमारीज़ के ज्ञान की एक लाइन ने मेरा जीवन बदल दिया: कुलदीप सिंघानिया
सुप्रसिद्ध सोशल मीडिया एन्फलुएंसर सिंघालिया बोले- मैंने जीवन में कभी भी मूल्य और सिद्धांतों से समझौता नहीं किया
- मुख्य अतिथि के रूप में जिला कलेक्टर अल्पा चौधरी रहीं मौजूद
- चार दिवसीय सोशल मीडिया एन्फलुएंसर रिट्रीट का शुभारंभ
- देशभर से एन्फलुएंसर पहुंचे भाग लेने
- समाज को बदलने में डिजिटल मीडिया की भूमिका विषय पर आयोजन
आबूरोड। ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान के मनमोहिनीवन स्थित ग्लोेबल ऑडिटोरियम में चार दिवसीय सोशल मीडिया एन्फलुएंसर रिट्रीट का शुभारंभ किया गया। इसमें देशभर से 350 से अधिक एन्फलुएंसर भाग ले रहे हैं। समाज को बदलने में डिजिटल मीडिया की भूमिका विषय पर आयोजित रिट्रीट के शुभारंभ पर मुख्य वक्ता सुप्रसिद्ध सोशल मीडिया एन्फलुएंसर, एक्टर व मॉडल कुलदीप सिंघानिया ने कहा कि जब जीवन में संघर्ष और तनाव के दौर से गुजर रहा था, ऐसे में ब्रह्माकुमारी शिवानी दीदी की क्लासेस से आगे बढ़ने, तनाव से बाहर निकलने और सकारात्मक चिंतन की प्रेरणा मिली। ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान के आध्यात्मिक ज्ञान की एक लाइन से आपका जीवन कैसे बदल सकता है, इसका उदाहरण मैं खुद हूं। मैं पिछले 14 साल से इस आध्यात्मिक ज्ञान को सुन रहा हूं। मैं जब मुंबई गया तो कुछ वर्ष संघर्षपूर्ण रहे।
सिंघानिया ने कहा कि करीब 15 साल पहले मुझे एक फिल्म के लिए 25 लाख रुपए का ऑफर मिला था। उस फिल्म में मुझे स्मोक करने (नशे) का सीन करना था। जबकि मैंने अपने जीवन में कभी भी सिगरेट, शराब, गुटखा का सेवन नहीं किया है। उस समय मैं ब्रह्माकुमारीज़ के मुंबई सेवाकेंद्र के संपर्क में था। मैंने वहां ब्रह्माकुमारी दीदी को फिल्म के ऑफर के बारे में बताया और उनका मार्गदर्शन लिया तो उन्होंने कहा कि कुलदीप आप पैसे तो जीवन में आगे भी कमा लोगे, लेकिन जो सिद्धांत, मूल्य एक बार छूट जाएंगे उन्हें कैसे वापिस लाओगे। यह बात मेरे अंतर्मन में समां गई। दीदी की प्रेरणा से मैंने अपने जीवन में मूल्यों और सिद्धांतों को चुना और फिल्म का ऑफर ठुकरा दिया। मैंने ऐसे समय में 25 लाख रुपये का ऑफर ठुकराया था, जब मेरे जीवन में एक-एक रुपये की अहमियत थी। दीदी की उस एक लाइन ने मेरे जीवन की दिशा बदल दी। तब से मैंने संकल्प किया है कि जिस काम से हमारे मूल्य खत्म होते हैं, मुझे ऐसी कमाई नहीं चाहिए। मेरे लिए मूल्य और सिद्धांत सबसे ऊपर हैं। इस दुनिया को बेहतर बनाना और सेवा करना ही मेरे जीवन का संकल्प है। मैंने पैसे के साथ दुआएं और ब्लेसिंग भी कमाई हैं।

