• Sat. Feb 21st, 2026

मंदिर के अंदर पांच साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म

उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में एक मंदिर के अंदर पांच साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म की घिनौनी वारदात सामने आई है। आरोपी बच्ची का पड़ोसी बताया जा रहा है, जिसने बहला-फुसलाकर बच्ची को मंदिर के अंदर ले जाकर इस जघन्य कृत्य को अंजाम दिया।

बच्ची की चिल्लाने की अवाज सुनकर मंदिर में पहुंची दादी
घटना तब सामने आई जब बच्ची की चीखने की आवाज सुनकर उसकी दादी मंदिर पहुंचीं। दादी को मंदिर में आता देख आरोपी पवित्र उर्फ पम्मी ने उन्हें धक्का देकर भागने की कोशिश की, लेकिन दादी के शोर मचाने पर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और तुरंत आरोपी को पकड़ लिया।

लोगों ने आरोपी को पकड़कर जमकर पीटा और फिर…
स्थानीय निवासियों ने आरोपी पवित्र को पकड़कर उसकी जमकर पिटाई की और फिर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने बच्ची का मेडिकल कराया है, जिसमें दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। यह पूरी वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई है।

पुलिस पर भी लगे गंभीर आरोप
हालांकि, इस मामले में पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगे हैं। बताया जा रहा है कि शुरुआत में पुलिस ने आरोपी को रात में ही छोड़ दिया था, लेकिन जनता और परिजनों के दबाव बढ़ने पर उसे दोबारा गिरफ्तार किया गया। घटना के बाद पीड़िता के परिजन और मोहल्ले के लोग बच्ची और आरोपी को लेकर जगदीशपुरा थाना पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।

क्या कहती है पुलिस?
इस पूरे मामले में एसीपी महिला अपराध सुकन्या शर्मा ने बताया कि संबंधित थाने में बलात्कार का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *