रामलीला मैदान से उठी DNT समाज की बुलंद आवाज, जनगणना में पृथक कॉलम की मांग को लेकर रविन्द्र कुमार सिंह ने भरी हुंकार
बोले—जनगणना में गिनती नहीं, तो अधिकारों का आधार नहीं; विमुक्त एवं घूमन्तु जनजातियों को मिले अलग पहचान और सम्मान
नई दिल्ली। विमुक्त एवं घूमन्तु जनजातियों (DNT) तथा पिछड़ा वर्ग (OBC) की पहचान, सामाजिक सम्मान और अधिकारों को लेकर रामलीला मैदान में आयोजित जनसभा में अखिल भारतीय विमुक्त एवं घूमन्तु जनजाति कल्याण संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविन्द्र कुमार सिंह ने जोरदार आवाज उठाई। उन्होंने आगामी जातिगत जनगणना एवं संबंधित जनगणना प्रपत्र में विमुक्त एवं घूमन्तु जनजातियों के लिए पृथक कॉलम की व्यवस्था किए जाने की मांग की।
सभा को संबोधित करते हुए रविन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि जब सरकारें जनगणना के आंकड़ों के आधार पर विकास योजनाएं और नीतियां तैयार करती हैं, तो विमुक्त एवं घूमन्तु जनजातियों की वास्तविक आबादी और उनकी सामाजिक-आर्थिक स्थिति दर्ज करने के लिए अलग व्यवस्था क्यों नहीं होनी चाहिए? उन्होंने कहा कि समाज की सही संख्या और स्थिति सामने आएगी, तभी शिक्षा, रोजगार, आवास, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं के लिए प्रभावी योजनाएं बनाई जा सकेंगी।
उन्होंने 12 अक्टूबर 1871 को अंग्रेजी शासन द्वारा लागू किए गए क्रिमिनल ट्राइब्स एक्ट का उल्लेख करते हुए कहा कि इस कानून के कारण अनेक समुदायों को जन्मजात अपराधी मानकर सामाजिक भेदभाव और प्रतिबंधों का सामना करना पड़ा। देश की आजादी के बाद 31 अगस्त 1952 को इन समुदायों को इस कानून से मुक्ति मिली, लेकिन आज भी अनेक परिवार पहचान, शिक्षा, रोजगार और आवास जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि DNT समुदायों के लिए पृथक कॉलम की मांग किसी दूसरे समाज के अधिकारों को कम करने के लिए नहीं, बल्कि अपनी वास्तविक पहचान और सामाजिक स्थिति को सरकारी आंकड़ों में दर्ज कराने के लिए है। उन्होंने कहा कि अलग-अलग राज्यों में कई समुदाय SC, ST, OBC और अन्य श्रेणियों में दर्ज हैं। ऐसे में उनकी वास्तविक स्थिति का राष्ट्रीय स्तर पर व्यापक अध्ययन और विश्वसनीय आंकड़े तैयार करना बेहद जरूरी है।
सभा के माध्यम से भारत सरकार और संबंधित नीति-निर्माताओं से मांग की गई कि जनगणना प्रपत्र में DNT का पृथक कॉलम शामिल किया जाए, OBC एवं DNT की पहचान स्पष्ट रूप से दर्ज हो, विमुक्त एवं घूमन्तु समुदायों का राष्ट्रीय स्तर पर सर्वेक्षण कराया जाए तथा उनकी शिक्षा, रोजगार, आर्थिक स्थिति और आवास से जुड़े आंकड़े सार्वजनिक किए जाएं। साथ ही इन समुदायों के लिए प्रभावी राष्ट्रीय कल्याणकारी नीति बनाने की भी मांग उठाई गई।
रविन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि उनका आंदोलन किसी जाति, धर्म या वर्ग के विरोध में नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, समान अवसर और संवैधानिक अधिकारों के लिए है। संगठन लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को सरकार तक पहुंचाता रहेगा।
अपने संबोधन के अंत में उन्होंने समाज के लोगों से शिक्षा के प्रति जागरूक होने, आपसी भेदभाव मिटाने और एकजुट होकर अधिकारों की आवाज बुलंद करने का आह्वान किया।
सभा में उन्होंने नारा दिया— “हमारी पहचान दर्ज करो, DNT का पृथक कॉलम लागू करो और विमुक्त एवं घूमन्तु जनजातियों को उनका अधिकार और सम्मान दो।”
उन्होंने जय संविधान, जय सामाजिक न्याय और जय हिंद के उद्घोष के साथ अपना संबोधन समाप्त किया।


