उत्तर प्रदेश सरकार ने वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी एडीजी जसवीर सिंह को करीब आठ साल बाद बहाल कर दिया है। प्रतापगढ़ के एसपी रहते हुए राजा भैया उर्फ रघुराज प्रताप सिंह को गिरफ्तार करने के बाद जसवीर सिंह चर्चा में आए थे। शासन ने 16 नवंबर को उनकी बहाली का आदेश जारी किया। हालांकि, फिलहाल उन्हें कोई नई जिम्मेदारी नहीं दी गई है और प्रतीक्षा सूची में रखा गया है 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी जसवीर सिंह पहले एडीजी रूल्स एंड मैनुअल के पद पर तैनात थे। उन्हें 14 फरवरी 2019 को निलंबित किया गया था। उन पर बिना अनुमति छुट्टी पर जाने और विभागीय जांच में सहयोग नहीं करने के आरोप लगे थे। एक निजी वेबसाइट को दिए गए इंटरव्यू में उन्होंने पुलिस मुठभेड़, सरकार की नीतियों और कार्यशैली को लेकर बयान दिए थे। शासन ने उनके बयानों को अखिल भारतीय सेवा नियमावली का उल्लंघन मानते हुए नोटिस जारी किया था।जसवीर सिंह पहली बार 1997 में उस समय चर्चा में आए थे, जब प्रतापगढ़ के एसपी रहते हुए उन्होंने विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया को गिरफ्तार किया था। इसके अलावा एसपी फूड सेल में रहते हुए जांच के कारण भी वह सुर्खियों में रहे।उनका नाम कई नेताओं और मंत्रियों के खिलाफ कार्रवाई, भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच और लगातार हुए तबादलों से भी जुड़ा रहा है। साल 2018 में एडीजी होमगार्ड रहते हुए उन्होंने होमगार्ड जवानों की तैनाती में कथित घोटाले का खुलासा किया था।जानकारी के मुताबिक, निलंबन के समय राज्य सरकार ने उनकी बर्खास्तगी के लिए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भी भेजा था। हालांकि, जसवीर सिंह की ओर से प्रत्यावेदन दिए जाने के कारण बर्खास्तगी की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी।करीब आठ साल बाद उनकी बहाली के साथ ही यूपी पुलिस में उनकी वापसी का रास्ता साफ हो गया है। फिलहाल उन्हें प्रतीक्षारत रखा गया है और नई तैनाती को लेकर कोई आदेश जारी नहीं हुआ है।