जिस घर में गूंजने वाली थीं शहनाइयां, वहां अब अपनों की चीखों से गूंज रहा आंगन; 22 वर्षीय सेना के जवान करन चौधरी की मौत से गांव सिरसा में शोक की लहर।
अलीगढ़। जिले के थाना छर्रा क्षेत्र के गांव सिरसा में खुशियों का माहौल पलभर में मातम में बदल गया। जिस घर में बेटे की शादी की तैयारियां चल रही थीं और परिवार को दूल्हे के सेहरे का बेसब्री से इंतजार था, उसी घर में अब अपनों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं।
गांव सिरसा निवासी 22 वर्षीय सेना के जवान करन चौधरी जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा में 22 राष्ट्रीय राइफल्स में तैनात थे। सोमवार तड़के करीब चार बजे परिवार के पास बटालियन के सीओ का फोन पहुंचा। फोन पर सूचना दी गई कि करन के सिर में गोली लगी है और उनकी मौत हो गई है।
यह खबर सुनते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घर में चल रही शादी की तैयारियां अचानक थम गईं और खुशियों की जगह चीख-पुकार ने ले ली। महज 22 वर्ष की उम्र में करन के निधन की खबर से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जिस बेटे के सिर पर सेहरा सजने का सपना परिवार ने संजोया था, उसकी मौत की खबर ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया।