जिला कारागार पहुंचे जनपद न्यायाधीश, जिलाधिकारी और एसएसपी, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
मुरादाबाद। जनपद न्यायाधीश सै. माऊज बिन आसिम, जिलाधिकारी श्री अनुनय झा, एसएसपी श्री सतपाल अंतिल तथा सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती तपस्या त्रिपाठी सहित वरिष्ठ न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने मुरादाबाद स्थित जिला कारागार का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कारागार में शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुपालन, बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा अन्य व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली। अधिकारियों ने कारागार अधीक्षक एवं संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने तथा आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनपद न्यायाधीश ने विशेष रूप से निर्देशित किया कि बंदियों की जमानत प्रक्रिया में माननीय उच्चतम न्यायालय द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र बंदियों को नियमानुसार विधिक लाभ प्राप्त हो सके।
उन्होंने बारिश के दौरान कारागार परिसर में जलभराव अथवा अन्य किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो, इसके लिए भी आवश्यक तैयारियां और व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जनपद न्यायाधीश, जिलाधिकारी और एसएसपी ने जिला कारागार परिसर में पौधरोपण भी किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।


