लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास पर आयोजित ‘जनता दर्शन’ में विभिन्न जनपदों से आए नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने प्रत्येक फरियादी की बात को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित, प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए। जनता दर्शन के दौरान प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी विभिन्न समस्याओं एवं शिकायतों से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए तथा पात्र लोगों को शासन की योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता है। अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ लोगों की शिकायतें सुनते हुए उनका नियमानुसार शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करना चाहिए। जनता दर्शन के माध्यम से मुख्यमंत्री ने एक बार फिर शासन की जनकल्याण, सुरक्षा एवं सुशासन के प्रति प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।