दिल्ली में करीब एक घंटे चली मुलाकात, यूपी की सियासत से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा की अटकलें
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होती जा रही हैं। इसी बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री आवास, 7 लोक कल्याण मार्ग पहुंचे, जहां दोनों नेताओं के बीच करीब एक घंटे तक बातचीत हुई।
हालांकि, बैठक का आधिकारिक एजेंडा सार्वजनिक नहीं किया गया है, लेकिन मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक उत्तर प्रदेश से जुड़े राजनीतिक और संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना जताई जा रही है। आगामी विधानसभा चुनाव के साथ-साथ राज्यसभा और विधान परिषद चुनाव भी राजनीतिक विमर्श का हिस्सा बताए जा रहे हैं।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में चुनावी तैयारियों को लेकर भाजपा संगठन की गतिविधियां पहले से तेज हैं। 21 सितंबर को भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ मेरठ में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बूथ, शक्ति केंद्र, मंडल और जिला स्तर तक संगठन की तैयारियों की समीक्षा की थी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का दिल्ली दौरा ऐसे समय हुआ है, जब उत्तर प्रदेश की राजनीति में चुनावी सरगर्मियां बढ़ रही हैं। इससे पहले 25 सितंबर को ग्रेटर नोएडा में आयोजित उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो में मुख्यमंत्री योगी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी साथ मौजूद रहे थे।
अब मुख्यमंत्री की प्रधानमंत्री से मुलाकात को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज है। हालांकि, बैठक में किन-किन मुद्दों पर अंतिम रूप से चर्चा हुई, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही तस्वीर पूरी तरह स्पष्ट होगी।

