सख्त तेवर वाले अफसर का दिखा ममता भरा चेहरा, अनाथ बच्ची को गोद में लेकर दुलारते नजर आए चंदौली DM
चंदौली। आमतौर पर प्रशासनिक अधिकारियों की पहचान सख्त तेवर और कड़े फैसलों से होती है, लेकिन सोमवार को उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में एक आईएएस अधिकारी का ममता और संवेदनशीलता से भरा चेहरा देखने को मिला। डीएम चंद्र मोहन गर्ग जब बिछिया कला स्थित राजकीय बालगृह (शिशु) एवं राजकीय विशेषज्ञ दत्तक ग्रहण अभिकरण के औचक निरीक्षण पर पहुंचे तो वहां मौजूद एक मासूम बच्ची को देखकर उनका दिल पसीज गया।
डीएम ने बच्ची को अपनी गोद में उठा लिया और बड़े स्नेह से उसे दुलारने लगे। कुछ पल के लिए प्रशासनिक जिम्मेदारियों के बीच एक अधिकारी और मासूम के बीच का यह भावुक रिश्ता वहां मौजूद लोगों के लिए भी खास बन गया। डीएम के चेहरे पर बच्ची के प्रति अपनापन साफ नजर आया।
डीएम चंद्र मोहन गर्ग ने बालगृह में रह रहे अनाथ बच्चों के खानपान, स्वास्थ्य और देखभाल की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने बच्चों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली और पंजीयन रजिस्टर का भी अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बालगृह में रहने वाले किसी भी मासूम को किसी तरह की परेशानी न हो। बच्चों के भोजन, स्वास्थ्य, सुरक्षा और देखभाल में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीएम का यह संवेदनशील अंदाज अब चर्चा में है। प्रशासनिक पद की जिम्मेदारी निभाने वाले अधिकारी का एक अनाथ बच्ची को गोद में लेकर दुलारना यह संदेश भी देता है कि सरकारी जिम्मेदारी केवल फाइलों और आदेशों तक सीमित नहीं, बल्कि उन मासूम चेहरों की चिंता करना भी है, जिन्हें समाज और व्यवस्था से सबसे ज्यादा सहारे की जरूरत है।

