लखनऊ। मंगलवार, 4 अगस्त 2026 को माध्यमिक शिक्षकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने 29 कुंदरकी (मुरादाबाद) के विधायक ठाकुर रामवीर सिंह के नेतृत्व में लखनऊ सचिवालय में अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा से मुलाकात कर 33(छ) में विनियमित तदर्थ शिक्षकों को पुरानी पेंशन योजना (OPS) का लाभ दिए जाने की मांग उठाई।
मुलाकात के दौरान विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने अपर मुख्य सचिव को बताया कि वर्ष 2007 में सरकार द्वारा आमेलित विषय विशेषज्ञों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ दिया जा चुका है, जबकि 33(छ) में विनियमित तदर्थ शिक्षक वर्ष 1993 से 2000 के बीच नियुक्त हुए हैं और पिछले लगभग 30 वर्षों से निरंतर सेवाएं दे रहे हैं। ऐसे में इन शिक्षकों को भी पुरानी पेंशन योजना के दायरे में लाना पूर्णतः न्यायोचित और उचित होगा।
अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने प्रतिनिधिमंडल की बात गंभीरता से सुनी और प्रकरण के सकारात्मक एवं न्यायसंगत समाधान का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल में विधायक ठाकुर रामवीर सिंह के साथ भाजपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष मनोज गुप्ता, अनिल चौहान, अभय गुप्ता तथा हरिशंकर भारतीय सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

