• Tue. Jul 21st, 2026

सेवा बस्ती में मैंगो पार्टी के बहाने जनसंवाद, पूर्व महानगर अध्यक्ष मनोज कुमार गुप्ता ने गिनाईं डबल इंजन सरकार की उपलब्धियां


मुरादाबाद।
भारतीय जनता पार्टी मुरादाबाद महानगर के पूर्व अध्यक्ष मनोज कुमार गुप्ता एडवोकेट ने नगर की एक सेवा बस्ती में माताओं, बहनों एवं क्षेत्रवासियों के साथ मैंगो पार्टी का आयोजन कर आत्मीय जनसंवाद किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र एवं उत्तर प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों की विस्तार से जानकारी देते हुए उन्हें जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मनोज कुमार गुप्ता ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश और देश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, पेयजल, बिजली तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं, जिनका लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंच रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है और अपराध एवं माफिया तंत्र पर प्रभावी कार्रवाई के कारण आमजन में सुरक्षा की भावना बढ़ी है। विशेष रूप से महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार द्वारा किए गए प्रयासों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज “उत्तम प्रदेश” बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है तथा देश की सीमाओं को मजबूत बनाने के साथ-साथ आंतरिक सुरक्षा को भी सुदृढ़ किया है। उन्होंने विकसित भारत–2047 के लक्ष्य को साकार करने के लिए प्रत्येक नागरिक से सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया और कहा कि राष्ट्र निर्माण में जनभागीदारी की महत्वपूर्ण भूमिका है।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय नागरिकों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं एवं सुझावों को भी उनके समक्ष रखा। मनोज कुमार गुप्ता ने सभी समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन दिया। उपस्थित लोगों ने सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की चर्चा करते हुए अपने विचार भी साझा किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *