• Fri. Jul 10th, 2026

हर तहसील में लगेगा रोजगार मेला, युवाओं को मिलेगा स्थानीय स्तर पर रोजगार का अवसर”


हर तहसील में आयोजित होंगे वृहद रोजगार मेले, रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य: मुख्य विकास अधिकारी
मुरादाबाद। मुख्य विकास अधिकारी सुश्री मृणाली अविनाश जोशी की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत गठित जिला कार्यकारी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में वित्तीय वर्ष के रोजगार कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा करते हुए प्रत्येक तहसील स्तर पर वृहद रोजगार मेले आयोजित करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि रोजगार मेलों की जानकारी संबंधित तहसीलों के सभी ग्राम प्रधानों के माध्यम से प्रत्येक गांव तक पहुंचाई जाए, ताकि अधिक से अधिक रोजगार के इच्छुक युवक-युवतियां इसमें भाग लेकर लाभान्वित हो सकें। उन्होंने रोजगार मेलों से पूर्व अभ्यर्थियों की स्क्रीनिंग कराने के भी निर्देश दिए, जिससे चयन प्रक्रिया सुगम एवं प्रभावी बन सके।
उन्होंने जनपद के सभी उच्च शिक्षण, तकनीकी, व्यावसायिक एवं प्राविधिक संस्थानों को निर्देशित किया कि कैंपस प्लेसमेंट कार्यक्रमों की सूचना पूर्व में क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए। साथ ही सभी निजी नियोजकों से रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीकरण कराने का आह्वान किया, ताकि उनकी आवश्यकता के अनुरूप प्रशिक्षित श्रमबल उपलब्ध कराया जा सके और स्थानीय युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें।
बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि उच्च शिक्षण संस्थानों के अंतिम वर्ष के सभी छात्र-छात्राओं का पंजीकरण अनिवार्य रूप से रोजगार संगम पोर्टल पर कराया जाए। इसके अतिरिक्त पोर्टल पर उपलब्ध विदेशी (ओवरसीज) रोजगार अवसरों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा इस कार्य में स्वास्थ्य विभाग का सहयोग लेने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक की शुरुआत में जिला कार्यकारी समिति के सचिव एवं सहायक निदेशक (सेवायोजन) रत्नेश चन्द्र ने उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत गत वर्ष किए गए कार्यों की समीक्षा प्रस्तुत करते हुए चालू वित्तीय वर्ष में प्रस्तावित रोजगार मेलों एवं करियर काउंसलिंग कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा रखी।
बैठक में परियोजना निदेशक श्वेतांक पाण्डेय, उप कृषि निदेशक रविकांत सिंह, सहायक श्रमायुक्त अजित कुमार कन्नौजिया, सह जिला विद्यालय निरीक्षक शतानन्द शर्मा, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. शर्मा तथा लघु उद्योग भारती के प्रतिनिधि सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *