उत्तर प्रदेश के अयोध्या जनपद के खण्डासा थाना क्षेत्र स्थित रेवली गांव में शुक्रवार को एक बेहद मार्मिक घटना ने पूरे इलाके को भावुक कर दिया। 80 वर्षीय भगवान तिवारी का वृद्धावस्था के कारण निधन हो गया। परिवार और ग्रामीणों की मौजूदगी में सुबह उनका अंतिम संस्कार किया गया।
बताया जा रहा है कि पति के निधन का गहरा सदमा उनकी पत्नी सहन नहीं कर सकीं। वर्षों तक जीवनसाथी का साथ निभाने वाली पत्नी पति के वियोग में पूरी तरह टूट गईं और अंतिम संस्कार के कुछ ही घंटों बाद उन्होंने भी अंतिम सांस ले ली।
एक ही दिन में पति-पत्नी के निधन की खबर से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों का कहना है कि दोनों के बीच गहरा प्रेम और अटूट लगाव था और शायद इसी वजह से पत्नी अपने जीवनसाथी के बिछड़ने का दर्द सहन नहीं कर पाईं।
इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर यह एहसास कराया कि जीवनभर साथ निभाने वाले रिश्ते केवल सामाजिक बंधन नहीं होते, बल्कि कई बार वे एक-दूसरे की जिंदगी का आधार बन जाते हैं। पूरे गांव में दोनों के प्रति श्रद्धांजलि और संवेदनाएं व्यक्त की जा रही हैं।

