मुरादाबाद। भारतीय जनता पार्टी मुरादाबाद महानगर के पूर्व अध्यक्ष मनोज गुप्ता एडवोकेट ने स्मार्ट रोड के दोनों ओर स्थित नालों की सफाई कराए जाने की मांग को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने बताया कि अकबर के किले के सामने से सोनकपुर स्टेडियम, सेल टैक्स चौराहा होते हुए रामगंगा विहार तक स्मार्ट सिटी योजना के तहत निर्मित सड़क के दोनों ओर बने चौड़े नालों को स्थायी रूप से पत्थरों से ढक दिया गया है, जिसके कारण उनकी नियमित सफाई नहीं हो पा रही है।
मनोज गुप्ता ने कहा कि नालों में जमा गंदगी के कारण हल्की बारिश में भी नाले चोक हो जाते हैं और सड़क पर करीब दो फीट तक पानी भर जाता है। इससे यातायात बाधित होने के साथ-साथ बारिश का पानी दुकानों और मकानों में भी घुस जाता है। उन्होंने बताया कि जिन क्षेत्रों में पहले कभी जलभराव की समस्या नहीं होती थी, स्मार्ट रोड बनने के बाद वहां भी पानी भरने लगा है।
उन्होंने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि रामगंगा विहार बिजलीघर की बाउंड्री के अंदर भी बरसात का पानी प्रवेश कर जाता है, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है। वहीं रामगंगा विहार, टीडीआई सिटी और परंपरा कॉलोनी के निवासियों को भी जलभराव के कारण भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कई बार पानी निकासी में तीन से चार घंटे का समय लग जाता है और इस दौरान बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हो जाती है।
मनोज गुप्ता ने कहा कि क्षेत्रीय नागरिक कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन समस्या के समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने बताया कि 24 जून के आसपास मानसून आने की संभावना है, ऐसे में समय रहते नालों की सफाई कराना बेहद आवश्यक है।
ज्ञापन पर संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि मानसून से पूर्व नालों की सफाई कराकर जलभराव की समस्या का समाधान कराया जाएगा, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।

