नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा को और मजबूत बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया जा सकता है। जल्द ही डीटीसी (दिल्ली परिवहन निगम) की बसों में हथियारबंद महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती देखने को मिल सकती है। इसका उद्देश्य सार्वजनिक परिवहन में सफर करने वाली महिलाओं को सुरक्षित और भरोसेमंद माहौल उपलब्ध कराना है।
इस संबंध में उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने दिल्ली सरकार के अधिकारियों को दिल्ली पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं। यह फैसला सार्वजनिक परिवहन में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर आयोजित एक उच्च-स्तरीय समीक्षा बैठक के दौरान लिया गया।
बैठक में परिवहन आयुक्त, डीटीसी के प्रबंध निदेशक समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने महिलाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए बसों में सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने पर चर्चा की।
एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, बसों में हथियारबंद महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की रूपरेखा तैयार करने के लिए दिल्ली सरकार, डीटीसी और दिल्ली पुलिस के बीच आगे भी बैठकें आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों में तैनाती के तौर-तरीकों, जिम्मेदारियों और संचालन व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जाएगा।
अधिकारियों का मानना है कि इस पहल से महिलाओं में सुरक्षा की भावना मजबूत होगी और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था पर उनका विश्वास बढ़ेगा। योजना को अंतिम रूप दिए जाने के बाद इसके क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।

