बीएड परीक्षा देने पहुंचे छात्रों के साथ बड़ा हादसा, नाले की स्लैब टूटी, 20-25 परीक्षार्थी गिरे
कानपुर। बीएड प्रवेश परीक्षा देने आए दर्जनों परीक्षार्थियों के लिए शनिवार का दिन अचानक भयावह बन गया। मकराबर्टगंज स्थित केडी पैलेस के पास फोटोकॉपी कराने के लिए जुटी भीड़ उस समय हादसे का शिकार हो गई, जब नाले के ऊपर बनी स्लैब अचानक टूट गई और करीब 20 से 25 छात्र उसमें जा गिरे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, परीक्षा केंद्र के आसपास बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं दस्तावेजों की फोटोकॉपी कराने के लिए खड़े थे। इसी दौरान स्लैब अचानक धंस गई और कई परीक्षार्थी सीधे नाले में जा गिरे। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों और राहगीरों ने बिना देर किए राहत कार्य शुरू किया और नाले में गिरे सभी छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। राहत की बात यह रही कि अब तक किसी जनहानि की सूचना नहीं मिली है, हालांकि कुछ छात्रों को मामूली चोटें आने की जानकारी सामने आई है।
प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि नाले में गैस के दबाव या स्लैब की जर्जर स्थिति के कारण यह हादसा हुआ हो सकता है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
घटना ने शहर में नालों और सार्वजनिक ढांचों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि यह हादसा कुछ मिनट बाद और अधिक भीड़ के दौरान होता, तो स्थिति कहीं अधिक गंभीर हो सकती थी।

