“स्वच्छ परिसर, व्यवस्थित कार्यालय—जनसेवा को मिले नई गति”
जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट परिसर और विकास भवन का किया निरीक्षण, साफ-सफाई पर दिए सख्त निर्देश
मुरादाबाद। जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने कलेक्ट्रेट परिसर एवं विकास भवन का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने साफ-सफाई को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्ट्रेट परिसर का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि पूरे परिसर में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए। कार्यालयों में कंप्यूटर, इंटरनेट एवं विद्युत के तारों को व्यवस्थित और सुरक्षित ढंग से रखा जाए, ताकि कोई भी तार लटकता हुआ न दिखाई दे।
उन्होंने यह भी कहा कि जिन कार्यालयों में फर्नीचर जर्जर या खराब स्थिति में है, उसे निष्प्रयोज्य घोषित कर नया फर्नीचर खरीदा जाए। साथ ही फर्नीचर की खरीद में एकरूपता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया, ताकि कार्यालय का वातावरण व्यवस्थित और पेशेवर दिखाई दे।
जिलाधिकारी ने क्षतिग्रस्त दरवाजों और दीवारों की शीघ्र मरम्मत कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि कलेक्ट्रेट में आमजन की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक कार्य प्राथमिकता से कराए जाएं तथा इसके लिए परिषद से बजट उपलब्ध कराने हेतु प्रस्ताव भेजा जाए।
विकास भवन में निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जिला विकास अधिकारी, मनरेगा कार्यालय सहित विभिन्न विभागों का दौरा कर साफ-सफाई एवं कार्यप्रणाली की समीक्षा की।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सुश्री मृणाली अविनाश जोशी, जॉइंट मजिस्ट्रेट सुश्री शक्ति दुबे सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।


