मुरादाबाद। जिले में नवागत जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित कोषागार कार्यालय पहुंचकर विधिवत चार्ज संभाल लिया। चार्ज ग्रहण करने के बाद वे कलेक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने अधिकारियों से परिचय प्राप्त कर कार्यप्रणाली की जानकारी ली।
मीडिया से बातचीत करते हुए जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री की प्राथमिकताओं को प्रभावी ढंग से लागू करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध और गुणवत्तापरक समाधान सुनिश्चित किया जाएगा, जिसके लिए जनसुनवाई व्यवस्था को और अधिक सख्ती और प्रभावशीलता के साथ लागू किया जाएगा।
डॉ. पैंसिया ने कहा कि सरकार की सभी योजनाओं और कार्यक्रमों का क्रियान्वयन तय समय सीमा में किया जाएगा और सीएम डैशबोर्ड के सभी मानकों को शत-प्रतिशत पूरा करने का लक्ष्य रखा जाएगा। उन्होंने यह भी दोहराया कि अंतिम पंक्ति में खड़े जरूरतमंद व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
कानून-व्यवस्था को लेकर उन्होंने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि जिले में जीरो टॉलरेंस नीति के तहत शांति व्यवस्था बनाए रखी जाएगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि अपनी शिकायतें संबंधित सक्षम अधिकारियों के समक्ष दर्ज कराएं और किसी भी प्रकार से कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाले कृत्यों से दूर रहें।


