• Mon. Apr 27th, 2026

इंसानियत शर्मसार: घायल पति जिंदगी से जूझता रहा, पत्नी से धुलवाई गई एंबुलेंस

मध्य प्रदेश में इंसानियत शर्मसार: घायल पति जिंदगी से जूझता रहा, पत्नी से धुलवाई गई एंबुलेंस
मध्य प्रदेश के कटनी जिले से मानवता को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक घायल युवक की पत्नी के साथ अमानवीय व्यवहार किए जाने का आरोप लगा है। घटना ने स्वास्थ्य सेवाओं की संवेदनशीलता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार करेला बरही निवासी राहुल बर्मन शुक्रवार रात सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद उनकी पत्नी 108 एंबुलेंस से उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंची। बताया जा रहा है कि रास्ते में घायल राहुल को उल्टी होने लगी, जिससे एंबुलेंस गंदी हो गई।
अस्पताल पहुंचने पर जहां डॉक्टर घायल राहुल के उपचार में जुटे रहे, वहीं बाहर उनकी पत्नी को अपमानजनक स्थिति का सामना करना पड़ा। आरोप है कि एंबुलेंस चालक और स्टाफ ने महिला को गंदी हुई एंबुलेंस साफ करने के लिए मजबूर कर दिया।
हैरानी की बात यह रही कि एक ओर पति अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहा था, दूसरी ओर पत्नी मजबूरी में एंबुलेंस धोने को विवश थी। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में आक्रोश फैल गया।
मामले के तूल पकड़ने पर प्रशासन ने जांच के आदेश देते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। हालांकि यह पहली बार नहीं है जब स्वास्थ्य सेवाओं में संवेदनहीनता की ऐसी तस्वीर सामने आई हो। अब बड़ा सवाल यह है कि जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई होगी और ऐसी घटनाओं पर आखिर कब विराम लगेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *