• Sun. Apr 26th, 2026

सशक्त पुलिस, सुरक्षित प्रदेश की दिशा में बड़ा कदम, 60,244 आरक्षियों ने ली दीक्षांत परेड में शपथ


लखनऊ। उत्तर प्रदेश को सुरक्षित, सशक्त और अपराधमुक्त बनाने की दिशा में एक और ऐतिहासिक कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज लखनऊ में 60,244 आरक्षी नागरिक पुलिस सीधी भर्ती वर्ष 2025-26 बैच के दीक्षांत परेड समारोह में हिस्सा लिया। भव्य समारोह में मुख्यमंत्री ने नव नियुक्त आरक्षियों की परेड की सलामी ली और उन्हें कर्तव्य, अनुशासन एवं सेवा भावना के साथ राष्ट्र और प्रदेश की सुरक्षा के लिए समर्पित रहने का संदेश दिया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले आरक्षियों को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि “सशक्त पुलिस ही सुरक्षित प्रदेश की पहचान है” और नए भारत के नए उत्तर प्रदेश में पुलिस बल की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी नवनियुक्त कार्मिकों को शुभकामनाएं देते हुए निष्ठा, ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता के साथ उत्तर प्रदेश पुलिस को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह नई पीढ़ी की पुलिस जनता के विश्वास, कानून व्यवस्था और सुशासन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी।
समारोह में उत्साह और गौरव का माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में मौजूद अधिकारियों और परिजनों ने इस ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनकर नव आरक्षियों का उत्साहवर्धन किया। यह दीक्षांत परेड उत्तर प्रदेश में मजबूत कानून व्यवस्था और सुरक्षित भविष्य की नई तस्वीर पेश करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *