उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां नए जूते पहनने को लेकर हुए मामूली विवाद ने एक युवक की जान ले ली। आरोप है कि बड़े भाई ने गुस्से में आकर अपने ही छोटे भाई की हत्या कर दी।
जानकारी के मुताबिक, सूरज नामक युवक ने अपने लिए नए जूते मंगवाए थे। पार्सल घर पहुंचते ही छोटा भाई लक्ष्मण उन्हें सबसे पहले पहनने की जिद करने लगा। इसी बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते गंभीर विवाद में बदल गई।
बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान गुस्से में आकर सूरज ने पास में रखी कैंची उठा ली और लक्ष्मण पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल लक्ष्मण खून से लथपथ होकर मौके पर ही गिर पड़ा।
घटना के बाद परिजन उसे आनन-फानन में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, आरोपी सूरज को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोगों को सोचने पर मजबूर कर रही है कि किस तरह एक मामूली विवाद ने एक परिवार को उजाड़ दिया।

