• Tue. Mar 31st, 2026

आस्था की आड़ में अश्लीलता: ब्रजधाम में महिला श्रद्धालुओं से छेड़खानी पर बवाल”


मथुरा। ब्रजधाम की पवित्र भूमि पर एक बार फिर तथाकथित पंडों की करतूत ने आस्था को शर्मसार कर दिया। मंदिर क्षेत्र में दर्शन करने आई महिला श्रद्धालुओं के साथ एक पंडे द्वारा कथित रूप से छेड़खानी किए जाने का मामला सामने आया है, जिससे तीर्थ नगरी की छवि पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी पंडे ने महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार और अशोभनीय हरकतें कीं। जब महिलाओं ने इसका विरोध किया तो उसने न सिर्फ गाली-गलौज की, बल्कि कथित तौर पर उनके कपड़े फाड़ दिए और मारपीट भी की।
घटना से आक्रोशित महिलाओं ने आत्मरक्षा में आरोपी को सबक सिखाया, जिसके बाद मौके पर हंगामा खड़ा हो गया।
बताया जा रहा है कि भीड़ के बढ़ते गुस्से और महिलाओं के विरोध से घबराकर आरोपी पंडा मौके से भागते हुए पास की नदी में कूद गया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग धार्मिक स्थलों पर बढ़ती असुरक्षा पर सवाल उठा रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि तीर्थ स्थलों पर कुछ असामाजिक तत्व पंडे के वेश में श्रद्धालुओं को निशाना बनाते हैं, जिससे ब्रज की गरिमा को ठेस पहुंच रही है। प्रशासन से मांग की जा रही है कि ऐसे लोगों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाए और मंदिर क्षेत्रों में महिला सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।

“जनेऊ पहन लेने से चरित्र पवित्र नहीं हो जाता — ब्रज में उठे इस सवाल ने पूरे तंत्र को कटघरे में खड़ा कर दिया है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *