बलिया।
जनपद बलिया की बैरिया तहसील में तैनात एसडीएम आलोक प्रताप सिंह ने कुत्ते के काटने के बाद जिलाधिकारी से आठ दिन की छुट्टी मांगी है। खास बात यह रही कि उन्होंने अपने अवकाश आवेदन पत्र पर हस्ताक्षर की जगह अंगूठा लगाया, क्योंकि हाथ में गंभीर चोट के कारण वह लिखने में असमर्थ थे।
बताया जा रहा है कि एसडीएम आलोक प्रताप सिंह ने 5 मार्च को जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह को पत्र लिखकर अवगत कराया कि एक पालतू कुत्ते ने उनके दोनों हाथों में काट लिया है, जिससे गहरे घाव हो गए हैं। स्थानीय डॉक्टर से उपचार कराने के बावजूद घाव से खून का रिसाव बंद नहीं हो रहा है और तेज दर्द बना हुआ है। इस कारण वह अपने दैनिक प्रशासनिक कार्यों को भी सही ढंग से नहीं कर पा रहे हैं।
अपने आवेदन में उन्होंने यह भी लिखा कि डॉक्टरों ने उन्हें किसी विशेषज्ञ चिकित्सक और बेहतर चिकित्सा संस्थान में इलाज कराने की सलाह दी है। इसी के चलते उन्होंने 6 मार्च से 13 मार्च तक अवकाश देने के साथ ही मुख्यालय छोड़ने की अनुमति देने का अनुरोध किया।
जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने बताया कि एसडीएम के हाथ में चोट होने और प्लास्टर लगे होने के कारण वह हस्ताक्षर नहीं कर पा रहे थे, इसलिए उन्होंने आवेदन पत्र पर अंगूठा निशान लगाया। जिलाधिकारी ने उनके अनुरोध को स्वीकार करते हुए आठ दिन की छुट्टी मंजूर कर दी है।
गौरतलब है कि आलोक प्रताप सिंह वर्ष 2023 बैच के पीसीएस अधिकारी हैं और जनवरी 2026 में कुछ विवादों को लेकर भी चर्चा में रहे थे।

