अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हो चुका है और रामलला की दिव्य प्रतिमा के दर्शन आज देश-दुनिया ने किए हैं। यह प्रतिमा श्रद्धा, आस्था और संस्कृति का जीवंत प्रतीक बन चुकी है। किंतु एक आश्चर्यजनक और विचारणीय तथ्य यह है कि यदि हम किसी भी प्राचीन धर्मग्रंथ को उठाकर देखें, तो उनमें भगवान श्रीराम का कोई वास्तविक या आधिकारिक चित्र उपलब्ध नहीं मिलता। ग्रंथों में उनके गुण, चरित्र, मर्यादा और आदर्शों का वर्णन है, परंतु उनका स्वरूप कहीं अंकित नहीं है। आज तक जो भी चित्र, पेंटिंग या प्रतिमाएँ बनी हैं, वे सभी कलाकारों की कल्पना और भावनाओं का परिणाम हैं।
इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए तमिलनाडु के मात्र 26 वर्षीय एक युवा मूर्तिकार ने अपनी अद्भुत कला, साधना और हुनर के बल पर रामलला की ऐसी प्रतिमा का सृजन किया, जिसे देखकर करोड़ों श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं। यह केवल पत्थर की मूर्ति नहीं, बल्कि आस्था का साकार रूप बन गई। आश्चर्य इस बात का है कि उस एक कलाकार की कला और कल्पना पर लगभग 200 करोड़ हिंदुओं की भावना और विश्वास एक साथ आकर ठहर गया।
आज देश-दुनिया में यही भावना प्रबल है कि “रामलला ऐसे ही दिखते होंगे।” यह कला की शक्ति, साधना की गहराई और सनातन संस्कृति की जीवंतता का प्रमाण है। जहां शब्द मौन हो जाते हैं, वहां कला बोलती है—और अयोध्या में विराजमान रामलला की प्रतिमा इसका सबसे सुंदर उदाहरण है।

