बिजनौर। उत्तर प्रदेश के बिजनौर में दिवाली की सफाई के दौरान एक घर के झरोखे से उल्लू के छह बच्चे मिलने का मामला सामने आया है। घर के मालिक जगदीश कुमार ने तत्परता दिखाते हुए इसकी सूचना वन विभाग को दी। इसके बाद वन विभाग की टीम ने सभी छह उल्लू के बच्चों को सुरक्षित रेस्क्यू कर रेंज कार्यालय में पहुंचाया, जहां उनकी देखभाल की जा रही है।
रोजाना एक किलो चिकन बन रहा खुराक का हिस्सा
वन विभाग के रेंज कार्यालय में इन नन्हे मेहमानों के खाने-पीने का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। शुरुआती दौर में उन्हें आधा किलो चिकन दिया गया, लेकिन अब उनकी रोजाना की खुराक बढ़ाकर करीब एक किलो चिकन कर दी गई है। दिनभर आराम करने वाले इन उल्लू के बच्चों की रात में खास खातिरदारी हो रही है।
फिलहाल वन विभाग उनकी सुरक्षा और देखभाल में जुटा है। दिवाली की सफाई के दौरान मिले इन छह नन्हे मेहमानों की कहानी अब चर्चा का विषय बनी हुई है।