बच्चों के बेहतर पोषण और स्वस्थ भविष्य का संकल्प, उत्कृष्ट आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों व अभिभावकों का हुआ सम्मान
मुरादाबाद। तहसील सदर सभागार में महिला एवं बाल विकास विभाग के तत्वावधान में ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एमएलसी श्री गोपाल अंजान एवं महिला मोर्चा की श्रीमती प्रिया अग्रवाल की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘हेल्दी बेबी शो’ रहा, जिसमें स्वस्थ एवं सुपोषित बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इस अवसर पर बच्चों के अभिभावकों को सम्मानित करते हुए उन्हें बच्चों के उचित पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं बेहतर देखभाल के प्रति जागरूक किया गया।
वहीं, विभागीय कार्यों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों के स्वस्थ विकास और कुपोषण से मुक्ति के लिए सामूहिक प्रयासों का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एमएलसी श्री गोपाल अंजान ने ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम की सराहना की। उन्होंने कहा कि बच्चों को स्वस्थ एवं सुपोषित भविष्य देने में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। सरकार महिला एवं बाल विकास को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण एवं कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर रही हैं और समाज एवं देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। बच्चों को उचित पोषण और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना केवल किसी एक विभाग की नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री शैलेंद्र कुमार राय, बाल विकास परियोजना अधिकारी श्रीमती जानकी देवी, मुख्य सेविकाएं, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां तथा बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे।

