• Fri. Sep 25th, 2026

साइकिल चोरी से थमी थी पढ़ाई की रफ्तार, डीएम की पहल से फिर दौड़ेगा छात्रा का सपना

साइकिल चोरी होने से पैदल चलने को मजबूर छात्रा को डीएम ने दिलाई नई साइकिल, चेहरे पर लौटी मुस्कान

बरेली राजकीय अनुसूचित जाति छात्रावास में रहकर आईटीआई की पढ़ाई कर रही जरूरतमंद छात्रा नीतू की परेशानी पर जिला प्रशासन ने संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्काल मदद का हाथ बढ़ाया। छात्रावास परिसर से साइकिल चोरी हो जाने के बाद छात्रा को रोजाना कई किलोमीटर पैदल चलकर संस्थान और लाइब्रेरी जाना पड़ रहा था। इससे उसकी पढ़ाई प्रभावित होने के साथ-साथ समय भी बर्बाद हो रहा था।
साइकिल चोरी होने के बाद परेशान छात्रा नीतू ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी के समक्ष प्रार्थना पत्र देकर अपनी समस्या बताई। मामले का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने बिना किसी देरी के छात्रा की जरूरत को समझा और उसके लिए नई साइकिल की व्यवस्था करा दी।
नई साइकिल मिलने के बाद छात्रा के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी। उसके लिए यह सिर्फ साइकिल नहीं, बल्कि शिक्षा की राह को आसान बनाने वाला महत्वपूर्ण सहारा साबित हुई।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी होनहार और जरूरतमंद विद्यार्थी की पढ़ाई में आर्थिक या संसाधनों की कमी बाधा नहीं बनने दी जाएगी। प्रशासन का प्रयास है कि पात्र छात्र-छात्राओं को आवश्यकतानुसार हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाए, ताकि उनकी शिक्षा निर्बाध रूप से जारी रह सके।
प्रशासन की इस त्वरित पहल से छात्रा और उसके परिजनों ने राहत की सांस ली तथा जिलाधिकारी एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *