श्रद्धा और उल्लास के बीच निकली भव्य शोभायात्रा, भक्तिमय माहौल में गणपति बप्पा को दी गई विदाई
मुरादाबाद। अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल जिला मुरादाबाद के तत्वावधान में मंगलवार को रामपुर दोराहा क्षेत्र में गणपति बप्पा की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र ‘गणपति बप्पा मोरिया’ के जयकारों से गूंज उठा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
शोभायात्रा बरबारा-मंजरा सहित विभिन्न मार्गों से होती हुई रामगंगा नदी तट पर पहुंची। यहां प्रखंड उपाध्यक्ष रोहित प्रजापति, विशाल, महेंद्र बाबू एवं धर्मेंद्र के नेतृत्व में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं ने भक्ति और आस्था के साथ गणपति बप्पा की प्रतिमा का विसर्जन किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि विभाग महामंत्री गौरव सैनी ने कहा कि भगवान श्री गणेश विघ्नहर्ता और मंगलकर्ता हैं। गणपति विसर्जन महज विदाई नहीं, बल्कि श्रद्धा, आस्था और संस्कारों का पर्व है। उन्होंने कहा कि भगवान गणेश को प्रथम पूज्य का स्थान उनकी बुद्धि, साहस, बल और मातृ-आज्ञा पालन के कारण प्राप्त हुआ। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार उन्होंने विभिन्न असुरों का संहार कर संसार की रक्षा की, इसलिए उन्हें विघ्नहर्ता कहा जाता है।
शोभायात्रा का नेतृत्व जिला प्रमुख ऋतिक राजपूत ने किया। इस दौरान जिला उपाध्यक्ष ललित सैनी, जिला महामंत्री संदीप कुमार, प्रखंड अध्यक्ष रोहित, अर्जुन सिंह, मिलन, राहुल, उदयशंकर, विशाल, आकाश, प्रेम कुमार, राजेंद्र कुमार, रिकू सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।
गणपति प्रतिमा विसर्जन के दौरान रामगंगा तट पर श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना रहा तथा श्रद्धालुओं ने गणपति बप्पा के जयकारों के साथ उन्हें भावपूर्ण विदाई दी।

