महाराष्ट्र के कल्याण में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पुलिस के अनुसार, एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपने दो वर्षीय बेटे को जमीन पर पटक दिया और उसका हाथ गर्म प्लेट पर दबा दिया, जिससे बच्चे की तीन उंगलियां झुलस गईं।
पुलिस के मुताबिक, घटना 13 सितंबर की रात करीब 11 बजे कल्याण पश्चिम के पारनाका इलाके में हुई। आरोपी की पहचान राहुल सुरेश विसाले के रूप में हुई है। शिकायत के अनुसार, बच्चा पिता से दूर रहने की कोशिश कर रहा था, जिससे आरोपी कथित तौर पर गुस्से में आ गया और उसने बच्चे के साथ मारपीट की।
बच्चे को बचाने के लिए जब उसकी मां रोहिणी बीच-बचाव करने पहुंचीं तो आरोपी ने कथित तौर पर उनके साथ भी मारपीट की और झाड़ू से हमला किया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, मामले में आरोपी की अभी गिरफ्तारी नहीं हुई है।

