पड़ोसी की छत से कूदकर पति के घर पहुंची महिला, विवाद के बाद जमकर मारपीट
हरदोई। सांडी कस्बे के मुंशीगंज मोहल्ले में उस समय हंगामा मच गया, जब करीब ढाई महीने पहले कथित रूप से प्रेमी चचेरे देवर के साथ गई तीन बच्चों की मां अचानक पड़ोसी की छत से कूदकर अपने पति के घर पहुंच गई। महिला को घर में देखकर पति के साथ विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया।
महिला ने आरोप लगाया कि उसके पति ने उसके सिर पर हमला किया और उसकी नाक काटकर नाली में फेंक दी। वहीं, पति की मां ने महिला पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उसने उनके बेटे के गुप्तांग पर मुंह से काटकर उसे घायल कर दिया। सास का यह भी आरोप है कि महिला ने खुद अपना सिर जमीन पर पटककर चोट पहुंचाई।
विवाद की सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और मामले को शांत कराया। मारपीट में घायल महिला को उपचार के लिए सांडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उसकी हालत को देखते हुए हरदोई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों की सत्यता जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

