अधिवक्ताओं के हित में योगी सरकार के फैसलों का स्वागत, कचहरी में बांटी मिठाई
मुरादाबाद। मुरादाबाद कचहरी प्रांगण में भारतीय जनता पार्टी मुरादाबाद महानगर के पूर्व महानगर अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता मनोज कुमार गुप्ता एडवोकेट ने अधिवक्ता साथियों के साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा अधिवक्ता समाज के हित में की गई घोषणाओं एवं कल्याणकारी निर्णयों का स्वागत करते हुए प्रसन्नता व्यक्त की।
इस अवसर पर मनोज कुमार गुप्ता एडवोकेट ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा अधिवक्ताओं के लिए ₹5 लाख तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा, अधिवक्ता कल्याण निधि से मिलने वाली सहायता राशि को ₹1.50 लाख से बढ़ाकर ₹5 लाख किए जाने, अधिवक्ता की मृत्यु की स्थिति में उनके परिजनों को मिलने वाली आर्थिक सहायता की आयु सीमा 60 वर्ष से बढ़ाकर 70 वर्ष किए जाने तथा जिला न्यायालय, उच्च न्यायालय एवं सर्वोच्च न्यायालय में राज्य के प्रतिनिधि के रूप में कार्य करने वाले विधि अधिकारियों की फीस में 50 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि किया जाना महत्वपूर्ण निर्णय है।
उन्होंने कहा कि इन फैसलों से प्रदेश के अधिवक्ताओं और उनके परिवारों को आर्थिक एवं सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने में मदद मिलेगी। सरकार के इन निर्णयों को उन्होंने अधिवक्ता समाज के प्रति संवेदनशीलता और कल्याणकारी दृष्टिकोण का परिचायक बताया।
मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए मनोज कुमार गुप्ता एडवोकेट ने कहा कि अधिवक्ता समाज की लंबे समय से चली आ रही अपेक्षाओं को ध्यान में रखते हुए प्रदेश सरकार ने जो निर्णय लिए हैं, उनके लिए मुरादाबाद के अधिवक्ता समाज की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया जाता है।
खुशी के इस अवसर पर कचहरी परिसर में अधिवक्ता साथियों के बीच मिष्ठान वितरित कर मुख्यमंत्री के प्रति धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम में महेंद्र सिंह, अतुल चौधरी, राजीव पाल, मुखिया पक्ष, गौतम चौधरी, रणबीर सिंह, राजेंद्र सिंह, शमशाद हुसैन, राजीव कुमार सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।

