जनहित में तत्पर CM योगी, जनता की समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास पर आयोजित ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में विभिन्न जनपदों से आए लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने फरियादियों की बात गंभीरता से सुनी और संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र एवं प्रभावी समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जनता दर्शन के दौरान बड़ी संख्या में लोग अपनी शिकायतें और समस्याएं लेकर मुख्यमंत्री के समक्ष पहुंचे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए और पात्र लोगों को शासन की योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ समय से मिले।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान और जनहित की रक्षा प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी है कि आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

