मेरठ। पुलिस की सख्त छवि के बीच मेरठ में खाकी का मानवीय चेहरा देखने को मिला। सोमवार को पुलिस कार्यालय में जनसुनवाई के दौरान एक बुजुर्ग की अचानक तबीयत बिगड़ गई। लगातार खांसी से परेशान बुजुर्ग को देखकर SSP बीबीजीटीएस मूर्ति तत्काल अपनी कुर्सी छोड़कर उनके पास पहुंचे।
दरअसल, कुछ परिजन एक बुजुर्ग को लेकर शिकायत के सिलसिले में पुलिस कार्यालय पहुंचे थे। जनसुनवाई के दौरान बुजुर्ग को लगातार खांसी आने लगी और वह काफी असहज नजर आए। उनकी परेशानी पर SSP की नजर पड़ते ही उन्होंने तुरंत पास जाकर बुजुर्ग का हालचाल जाना और उन्हें पानी पिलाया। इसके साथ ही उन्होंने बुजुर्ग की समस्या भी ध्यानपूर्वक सुनी।
SSP के इस संवेदनशील व्यवहार ने जनसुनवाई में मौजूद लोगों का ध्यान खींचा। पुलिस की वर्दी के पीछे छिपी संवेदनशीलता और इंसानियत का यह दृश्य लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया।

