मुरादाबाद। भारतीय जनता पार्टी मुरादाबाद महानगर के पूर्व महानगर अध्यक्ष मनोज कुमार गुप्ता एडवोकेट ने शनिवार को शहर के सागर सराय क्षेत्र में हुए भीषण अग्निकांड की सूचना मिलते ही तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा इस कठिन समय में उन्हें साहस और संबल प्रदान किया।
इस दौरान मनोज कुमार गुप्ता ने अग्निकांड से हुई क्षति का जायजा लेते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी इस आपदा से प्रभावित प्रत्येक परिवार के साथ पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ खड़ी है। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रशासन से वार्ता कर सभी प्रभावित परिवारों के नुकसान का निष्पक्ष आकलन कराया जाएगा और उन्हें न्यायोचित मुआवजा दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि यदि आवश्यक हुआ तो इस गंभीर विषय को लखनऊ स्तर तक उठाकर पीड़ितों को शीघ्र राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि कोई भी प्रभावित परिवार स्वयं को असहाय महसूस न करे।
निरीक्षण के दौरान श्री गुप्ता भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता सागर सक्सेना के आवास पर भी पहुंचे, जहां उन्होंने अग्निकांड से हुए नुकसान का अवलोकन किया और उन्हें हरसंभव सहयोग एवं सहायता का भरोसा दिलाया।
उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में पीड़ित परिवार अकेले नहीं हैं। भारतीय जनता पार्टी सेवा, संवेदना और सहयोग की भावना के साथ हर प्रभावित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है तथा उनकी हरसंभव सहायता के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगी।

