मुरादाबाद। भारतीय जनता पार्टी मुरादाबाद महानगर के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता श्री मनोज कुमार गुप्ता ने बुद्धि विहार फेस-2 में जनसंपर्क अभियान के दौरान क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी सड़क समस्या को प्रमुखता से उठाते हुए उसके समाधान के लिए प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
जनसंपर्क अभियान के दौरान सेक्टर 7बी एवं सेक्टर 9बी के निवासियों ने श्री गुप्ता को क्षेत्र की टूटी, जर्जर एवं गड्ढायुक्त सड़कों की गंभीर स्थिति से अवगत कराया। स्थानीय लोगों ने बताया कि खराब सड़कों के कारण आवागमन अत्यंत कठिन और जोखिमपूर्ण हो गया है तथा वर्षा ऋतु में जलभराव की समस्या स्थिति को और भी विकट बना देती है।
जनसंपर्क कार्यक्रम के तुरंत बाद श्री मनोज कुमार गुप्ता ने जिलाधिकारी से भेंट कर बुद्धि विहार फेस-2 की सड़कों, विशेष रूप से सेक्टर 7बी एवं सेक्टर 9बी की अत्यंत खराब सड़कों के पुनर्निर्माण एवं मरम्मत की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि सेंट मेरीज़ स्कूल, बुद्धि विहार के पीछे स्थित संविधान साहित्य पार्टी कार्यालय से लेकर श्रीराम वाटिका होते हुए गांधी मैदान तक जाने वाला मुख्य मार्ग पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है। इन मार्गों से प्रतिदिन हजारों विद्यार्थी, शिक्षक, वरिष्ठ नागरिक एवं आम नागरिक गुजरते हैं, जिन्हें भारी असुविधा के साथ-साथ दुर्घटनाओं के खतरे का भी सामना करना पड़ता है।
क्षेत्रवासियों ने बताया कि इस संबंध में उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद के अधिकारियों से कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे लोगों में गहरा रोष व्याप्त है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने वर्षा ऋतु प्रारंभ होने से पूर्व संबंधित सड़कों के पुनर्निर्माण एवं आवश्यक मरम्मत कार्य को प्राथमिकता के आधार पर कराने हेतु उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद के अधिशासी अभियंता को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।
क्षेत्रवासियों ने जनसमस्या को प्रमुखता से उठाने और उसके समाधान के लिए त्वरित पहल करने पर श्री मनोज कुमार गुप्ता का आभार व्यक्त किया।

