• Sun. May 31st, 2026

महाकाल मंदिर में सगाई का वीडियो पड़ा भारी, समिति ने दिखाई सख्ती



उज्जैन। विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में एक जोड़े द्वारा मंदिर परिसर के अंदर सगाई की रस्म निभाने और उसका वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करने का मामला सामने आया है। वीडियो वायरल होने के बाद महाकाल मंदिर प्रबंध समिति ने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित सुरक्षा एजेंसी पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है।
जानकारी के अनुसार दिल्ली से आए एक युवक-युवती ने 26 मई को मंदिर के गणेश मंडपम में एक-दूसरे को अंगूठी पहनाकर सगाई की रस्म निभाई थी। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया गया, जो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
मामले की जानकारी मिलने पर मंदिर प्रशासन हरकत में आया और वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटवाने की कार्रवाई की गई। साथ ही जांच के बाद संबंधित सुरक्षा एजेंसी पर 50 हजार रुपये का आर्थिक दंड लगाया गया।
मंदिर समिति ने वीडियो में दिखाई देने वाले अटेंडर के विशेष द्वारों से प्रवेश पर भी प्रतिबंध लगा दिया है। इसके अलावा संबंधित प्रोटोकॉल कर्मियों, पुरोहितों और कर्मचारियों को नोटिस जारी कर चेतावनी दी गई है।
महाकाल मंदिर प्रशासन का कहना है कि मंदिर की गरिमा और नियमों का पालन सर्वोपरि है। भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए निगरानी और सख्ती बढ़ाई जाएगी तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *