• Sun. May 24th, 2026

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने जिला अस्पताल का किया निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही पर सख्त चेतावनी


मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री ब्रजेश पाठक ने रविवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय मंडलीय जिला (पुरुष) चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने इमरजेंसी वार्ड, जनरल वार्ड और आईसीयू में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा तीमारदारों से अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं और उपचार व्यवस्था के बारे में बातचीत की।
निरीक्षण के बाद उपमुख्यमंत्री ने सर्किट हाउस सभागार में जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. शैफाली सिंह, नगर विधायक रितेश गुप्ता, एमएलसी गोपाल अंजान, महापौर विनोद अग्रवाल, जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल, सीडीओ सुश्री मृणाली अविनाश जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में उपमुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि दैनिक ओपीडी बढ़ाई जाए तथा सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर वरिष्ठ अधिकारी नियमित निरीक्षण करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आमजन को उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि जिले में कोई भी अवैध अथवा फर्जी अस्पताल संचालित नहीं होना चाहिए। यदि ऐसा पाया जाता है तो संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। इसके अलावा अस्पतालों में दवाइयों की उपलब्धता, साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल, विद्युत व्यवस्था, टूटी फर्श की मरम्मत और मरीजों के तीमारदारों के बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उपमुख्यमंत्री ने एंबुलेंस सेवाओं की भी समीक्षा की और 102 एवं 108 सेवाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग करने को कहा, ताकि मरीजों को समय पर सुविधा मिल सके। साथ ही हीट वेव को देखते हुए अस्पतालों में बेड आरक्षित करने और आमजन को जागरूक करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने आरोग्य मंदिरों के संचालन, विद्युत आपूर्ति, जल जीवन मिशन, शिक्षा व्यवस्था, विद्यालयों के कायाकल्प, खेल गतिविधियों, उद्योग प्रोत्साहन, नगर निगम के विकास कार्यों, गौशालाओं की व्यवस्था और नवीन मंडी परिसर में साफ-सफाई समेत विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है और इसके लिए सभी विभाग पूरी गंभीरता और जवाबदेही के साथ कार्य करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *