पटना। ईद उल अजहा के करीब आते ही बिहार की राजधानी पटना के बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। राजा बाजार स्थित मशहूर बकरी बाजार में इन दिनों खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ रही है। बाजार में छोटे से लेकर बेहद भारी-भरकम बकरे तक बिक्री के लिए मौजूद हैं, जिनकी कीमत 10 हजार रुपये से लेकर ढाई लाख रुपये तक बताई जा रही है।
बाजार में 10 किलो से लेकर 150 किलो से अधिक वजन वाले बकरे लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं। खास बात यह है कि कई बड़े और आकर्षक बकरों के नाम बॉलीवुड सितारों के नाम पर रखे गए हैं। ‘सलमान’, ‘शाहरुख’, ‘आमिर खान’ और ‘सनी देओल’ नाम के बकरे खरीदारों और लोगों के बीच चर्चा का विषय बने हुए हैं।
बकरी बाजार में बिहार के बेगूसराय, कटिहार और किशनगंज समेत कई जिलों के व्यापारी पहुंचे हैं। वहीं उत्तर प्रदेश के गाजीपुर और आजमगढ़ से भी व्यापारी विशेष नस्ल के बकरे लेकर पटना पहुंचे हैं।
व्यापारियों का कहना है कि हर साल ईद उल अजहा से पहले बाजार में अच्छी बिक्री होती है और इस बार भी खरीदारों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। बाजार में दूर-दूर से लोग अपनी पसंद के बकरे खरीदने पहुंच रहे हैं।

