हरियाणा के कुरुक्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक दंपति ने अपनी तीन साल की मासूम बच्ची के साथ आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि बच्ची की गंभीर बीमारी से परेशान होकर माता-पिता ने यह कदम उठाया।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना प्रेम नगर कॉलोनी की है। सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे सुभाष मंडी चौकी पुलिस को सूचना मिली कि एक घर में तीन लोगों ने फांसी लगा ली है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और देखा कि पति, पत्नी और उनकी तीन वर्षीय बेटी पंखे से लटके हुए थे।
पुलिस ने तुरंत तीनों को नीचे उतारकर अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान जतिंद्र कुमार (30), उनकी पत्नी मंजू (28) और बेटी अदविका के रूप में हुई है। जतिंद्र कुमार रेलवे मेल सर्विस में कार्यरत था।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बच्ची लंबे समय से गंभीर बीमारी से जूझ रही थी, जिसके कारण परिवार काफी तनाव में था। पुलिस के अनुसार, इसी मानसिक दबाव के चलते दंपति ने बच्ची के साथ यह खौफनाक कदम उठा लिया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और अन्य पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है।

