मुरादाबाद: शहर के मुरादाबाद रेलवे स्टेशन के सामने उस समय अफरा-तफरी मच गई जब अचानक एक Renault कंपनी की कार में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना के समय मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिस कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए कार चालक को किसी तरह बाहर निकाल लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी गाड़ी जलकर खाक हो गई।
ट्रैफिक कर्मचारियों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि कार को बचाया नहीं जा सका। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और चालक सुरक्षित बच गया।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। घटना के चलते कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

