यूपी की राजधानी लखनऊ में 25 दिसंबर की शाम को हैरान करने वाला नजारा सामने आया जहां कुछ लोग सड़क किनारे सजावट के लिए लगाए गए गमले ही चुरा ले गए. सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हुआ तो यूजर्स ने इस हरकत की कड़े शब्दों में आलोचना की. अब इसको लेकर विकास प्राधिकरण (LDA) भी एक्शन में आ गया है. प्राधिकरण ने गमला चोरी के मामले में पुलिस को पत्र लिखा है.
दरअसल, बीते दिन पीएम नरेंद्र मोदी ने बसंत कुंज योजना में निर्मित ‘राष्ट्र प्रेरणा स्थल ‘का उद्घाटन किया था. पीएम के आगमन से पहले लखनऊ शहर को दुल्हन की तरह सजाया गया था. इस क्रम में सड़कों के किनारे फूलों वाले छोटे-बड़े सैकड़ों गमले लगाए गए थे. लेकिन जब कार्यक्रम समाप्त हुआ तो भीड़ इन गमलों पर टूट पड़ी और एक-एक कर गमले चोरी कर ले जाने लगी. कोई बाइक से गमले चोरी कर ले जा रहा था, तो कोई कार में भरकर ले जा रहा था. कुछ तो पैदल ही गमला चुरा कर ले गए. इस काम में महिला-पुरुष सब शामिल थे. कुछ लोगों ने इसका वीडियो बनाकर वायरल कर दिया, जिसके बाद मामला लखनऊ विकास प्राधिकरण के संज्ञान में आया.

