• Mon. May 18th, 2026

रामपुर में महिला लेखपाल रिश्वत लेते गिरफ्तार

एंटी करप्शन टीम ने ₹5000 के साथ रंगे हाथ दबोचा, किसान से की थी रिश्वत की मांग

रामपुर में एक महिला लेखपाल को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया है। एंटी करप्शन टीम ने ₹5000 के साथ रंगे हाथ दबोचा है।आरोपी लेखपाल ने किसान से रिश्वत की मांग की थी।

जिले के थाना टांडा क्षेत्र के बैंजना गांव की रिचा सक्सैना लेखपाल है। रिचा सक्सैना के पास बैंजना गांव के इनायत अली किसान अपनी शिकायत लेकर गए थे। उनके खेत में बीच से चक रोड निकाल दिया गया। इस शिकायत को लेकर वह लेखपाल रिचा सक्सैना के पास पहुंचे थे। उनका कहना था कि नक्शे में चक रोड खेत के किनारे में था, लेकिन उसे बीच से निकाल दिया गया। इस पर आरोप है कि रिचा सक्सेना ने कहा कि चकरोड किनारे कर दिया जाएगा, इसके लिए ₹10000 देने पड़ेंगे। साथ ही रिचा सक्सेना ने कहा कि ₹5000 पहले देने पड़ेंगे और ₹5000 काम होने के बाद देने पड़ेंगे। इसकी शिकायत इनायत अली पीड़ित किसान ने एंटी करप्शन टीम मुरादाबाद से 15 दिसंबर को की। इस पर एंटी करप्शन टीम ने आज जाल बिछाया। पीड़ित इनायत अली ने बताया कि रिचा सक्सेना ने आज उन्हें अपने घर थाना सिविल लाइंस ज्वाला नगर बुलाया और घर के बाहर रुपयों की मांग की। इस दौरान जैसे ही उन्हें ₹5000 दिए गए एंटी करप्शन टीम मौके पर मौजूद थी और उन्हें हिरासत में ले लिया। एंटी करप्शन टीम ने रिचा सक्सेना को हिरासत में लेकर सिविल लाइंस थाने पहुंच गए। सिविल लाइंस थाने में सारी कार्यवाही की जा रही है। एंटी करप्शन टीम की इस कार्रवाई से राजस्व विभाग में खलबली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *