• Fri. Apr 10th, 2026

कच्ची दीवार गिरने से हुआ हादसा: सुल्तानपुर में भतीजे के बाद बुआ की हुई मौत, साढ़े तीन माह पूर्व हुई थी शादी

सुल्तानपुर के लम्भुआ अंतर्गत रामपुर कुर्मियान में दो दिनों के भीतर एक ही परिवार में दो मौतो से कोहराम मच गया है। कच्ची दीवार गिरने से शनिवार को जहां तीन साल के मासूम की मौत हुई वही आज मासूम की बुआ ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने जहां शव को पोस्टमार्टम में भेजा है वही राजस्व टीम ने घटना स्थल का निरीक्षण किया है।

जानकारी के अनुसार लम्भुआ तहसील क्षेत्र के रामपुर कुर्मियान गांव में शनिवार को नंदलाल की कच्ची दीवार गिर गयी थी। दीवार के पास ही नंदलाल की बहन कोमल (27) बर्तन धो रही थी, कोमल के पास ही उसका तीन वर्ष का मासूम भतीजा नितिन पुत्र रामू खेल रहा था। दोनों बुआ भतीजे दीवार के नीचे दब गए। परिजनों व ग्रामीणों ने मलवे से दोनों को बाहर निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लम्भुआ लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टर ने नितिन को मृत घोषित कर दिया।

इस बीच तहसीलदार देवानंद तिवारी अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना, जबकि गंभीर रूप से घायल कोमल को बेहतर इलाज के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। रविवार दोपहर इलाज के दौरान कोमल ने दम तोड़ दिया। सूचना घर पर पहुंची तो रोना पीटना मच गया। बताया जा रहा है कि 5 जून 2024 को कोमल की शादी कादीपुर तहसील क्षेत्र के माधवपुर काछाभिटौरा निवासी भीम कुमार के साथ में हुई थी। कुछ दिन पहले ही वो मायके आई थी। एसडीएम लम्भुआ विदुषी सिंह ने बताया कि फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। परिवार की हर सम्भव मदद की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *