छोटी घटना को गंभीर होने से पहले रोकें अधिकारी, डीएम-एसपी खुद मौके पर पहुंचकर सुनें पीड़ितों की बात
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को जनता दर्शन के दौरान अधिकारियों को कानून-व्यवस्था और जनशिकायतों के निस्तारण को लेकर सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपदों में छोटी से छोटी घटना पर भी प्रशासन और पुलिस की पैनी नजर होनी चाहिए, ताकि कोई मामूली विवाद आगे चलकर बड़ी समस्या का रूप न ले।
मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को निर्देशित किया कि किसी भी घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचें और पीड़ित की बात सुनकर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि छोटी घटनाओं में भी उदासीनता और लापरवाही को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
सीएम योगी ने कहा कि पुलिस, राजस्व और अन्य विभागों से जुड़ी शिकायतों का समयबद्ध तरीके से निस्तारण होना चाहिए। यदि किसी मातहत अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही की शिकायत सामने आती है तो उसकी भी गंभीरता से जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से यह भी कहा कि शासन की प्राथमिकता पीड़ितों को त्वरित न्याय और उनकी समस्याओं का समाधान उपलब्ध कराना है। जनता दर्शन में उन्होंने विभिन्न जिलों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
साफ संदेश—घटना छोटी हो या बड़ी, प्रशासन की जिम्मेदारी है कि समय रहते कार्रवाई करे और किसी भी शिकायत को नजरअंदाज न किया जाए।

