नई दिल्ली। दिल्ली चिड़ियाघर में कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। बाड़े से बाहर निकले एक बोनट मकाक बंदर ने केयरटेकर और एक पर्यटक पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से चिड़ियाघर परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
बताया गया कि हमले के दौरान केयरटेकर को बंदर ने बुरी तरह घायल कर दिया। उसकी एक अंगुली कट गई, जबकि दोनों पैरों में गहरे घाव आए हैं। वहीं, एक पर्यटक के भी घायल होने की जानकारी सामने आई है।
घटना के बाद चिड़ियाघर के अधिकारियों ने घायल कर्मचारी को तत्काल उपचार के लिए राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। घटना ने चिड़ियाघर में वन्यजीवों के बाड़ों की सुरक्षा और कर्मचारियों तथा पर्यटकों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बाड़े से बंदर के बाहर निकलने की परिस्थितियों और सुरक्षा व्यवस्था में हुई चूक की जांच की जरूरत महसूस की जा रही है। साथ ही यह भी महत्वपूर्ण है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएं।

